प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और अपराधियों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद की सभी थाना पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की के निर्देशन में गठित पुलिस टीम 13 मई 2026 को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डबल फाटक मोहनपुरा पुल के नीचे नहर पटरी के पास एक व्यक्ति चाकू लेकर खड़ा है जो किसी घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विशाल पुत्र बबलू निवासी नई बस्ती रामनगर कोतवाली गंगनहर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस टीम में कांस्टेबल विक्रम और कांस्टेबल वीरेंद्र शामिल रहे।
