Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम द्वारा महिलाओं की सुविधा सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के समीप तथा डैम साइट क्षेत्र में दो पिंक टॉयलेट का शुभारंभ किया गया। पिंक टॉयलेट का उद्घाटन नगर निगम की महापौर आरती भंडारी ने किया। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि चारधाम यात्रा काल के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक श्रीनगर पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय महिलाओं और बाहर से आने वाली महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से पिंक टॉयलेट की शुरुआत की गई है ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि पिंक टॉयलेट विशेष रूप से महिलाओं के उपयोग के लिए बनाए गए हैं। इन टॉयलेट में बायोडाइजेस्टर चैंबर की व्यवस्था की गई है जो विशेष बैक्टीरिया की सहायता से अपशिष्ट का निस्तारण करता है। इसके कारण चैंबर को बार-बार खाली करने की आवश्यकता नहीं पड़ती जिससे स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर बनी रहती है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इन टॉयलेटों के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। खासकर चारधाम यात्रा के दौरान यह व्यवस्था महिला यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त नुपुर वर्मा सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी गायत्री बिष्ट मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार निगम पार्षद प्रवेश चमोली सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp