Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिस जवानों और उनके परिजनों के लिए आधुनिक व्यायामशाला निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने बुधवार को व्यायामशाला निर्माण कार्य का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। यह व्यायामशाला सांसद निधि से 25 लाख रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान और शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि पुलिस जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनकी शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन में आधुनिक व्यायामशाला के निर्माण का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास कार्यों के साथ-साथ खेल और फिटनेस को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर कार्यक्षमता का आधार है और यह व्यायामशाला पुलिस जवानों के स्वास्थ्य और फिटनेस को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सांसद ने बताया कि व्यायामशाला को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा ताकि पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि इसका लाभ केवल पुलिस जवानों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल जवानों के मनोबल और कार्यक्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान और शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पुलिस कर्मियों के लिए इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की फिटनेस और स्वास्थ्य बेहतर होने से समाज को भी सकारात्मक लाभ मिलेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने पुलिस लाइन में व्यायामशाला निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि व्यायामशाला के निर्माण से पुलिस कर्मियों को नियमित व्यायाम और फिटनेस के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा जिससे उनकी कार्यक्षमता और स्वास्थ्य दोनों में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp