Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अपराधियों और गैर जमानती वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना मुनिकीरेती पुलिस ने चेक बाउंस मामले में लंबे समय से वांछित चल रही एक महिला वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को थाना मुनिकीरेती पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए महिला वारंटी उमा बिश्नोई पत्नी विकास बिश्नोई निवासी निर्मल ब्लॉक वीरपुर खुर्द थाना ऋषिकेश जनपद देहरादून को वीरपुर खुर्द क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित महिला चेक बाउंस प्रकरण में माननीय न्यायालय नरेंद्रनगर से वांछित चल रही थी। वह एनआई एक्ट के तहत दर्ज वाद में लगातार फरार थी जिसके चलते उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। थाना मुनिकीरेती पुलिस द्वारा लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की मदद से महिला को गिरफ्तार किया गया। टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपदभर में अपराधियों वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जाए। पुलिस टीम में उप निरीक्षक लक्ष्मी पंत और महिला कांस्टेबल अक्षी सैनी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp