Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में अवैध शराब स्मैक चरस गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। दिनांक 13 मई 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम सिकंदरपुर स्थित शिव मंदिर के पास चौराहे पर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 3.99 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अलीशान पुत्र इलियास निवासी सिकंदरपुर जनपद हरिद्वार बताया। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा युवाओं को नशे से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार की जा रही कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहयोग भी बेहद आवश्यक है और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए। पुलिस टीम में उप निरीक्षक नीरज रावत और हेड कांस्टेबल गीतम सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp