प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विकासखंड पाबौं के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरना को स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य करने पर राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन 28 मार्च 2026 को भारत सरकार द्वारा किए गए राष्ट्रीय वर्चुअल मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया। मूल्यांकन के दौरान केंद्र में उपलब्ध दवाइयों स्वास्थ्य सेवाओं साफ-सफाई और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया था। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं पाए जाने पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरना को यह प्रमाणन दिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि जनपद के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन मिलने के बाद संबंधित चिकित्सा इकाई को और अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्तर से निर्धारित धनराशि भी प्रदान की जाती है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिला क्वालिटी टीम के योगदान की सराहना की। इस टीम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.विनय कुमार त्यागी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.पंकज सिंह क्वालिटी कंसल्टेंट स्मृति शाह सीपीएचसी कॉर्डिनेटर शुभम नेगी संबंधित एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के लगातार प्रयास शामिल रहे जिनके सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हो सकी।
