Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर विद्यार्थियों से धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच के माध्यम से जारी वीडियो संदेश में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में विद्यार्थियों के मन में चिंता होना स्वाभाविक है लेकिन किसी भी परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि है। कुलपति ने कहा कि लाखों विद्यार्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम कर इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में नकल माफियाओं की गतिविधियां ईमानदार और मेहनती प्रतिभाओं के साथ अन्याय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी है तथा इस मामले में कई गिरफ्तारियां भी की गई हैं। प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि परीक्षा स्थगित करने का निर्णय कठिन अवश्य है लेकिन यदि पेपर लीक में शामिल लोग सफल हो जाते तो इसका नकारात्मक प्रभाव लाखों विद्यार्थियों और देश की भविष्य की चिकित्सा व्यवस्था पर पड़ता। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के बहकावे में न आने और अपनी तैयारी लगातार जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नई परीक्षा तिथियों की घोषणा शीघ्र की जा सकती है। अंत में कुलपति ने कहा कि ईमानदारी और परिश्रम के आधार पर आगे बढ़ने वाली प्रतिभाओं को अवसर मिलना चाहिए तथा नकल और भ्रष्ट तंत्र को समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp