Spread the love

प्रदीप कुमार
सतपुली-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य द्वारा क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर अनियमितताएं कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा व्यवस्थागत खामियां सामने आईं। पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा सीएचसी सतपुली का निरीक्षण किया गया था जिसके बाद उन्होंने एसडीएम को स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पीएचसी रीठाखाल के निरीक्षण में तैनात तीन कर्मचारियों में से केवल फार्मासिस्ट सुधीर उपस्थित पाए गए जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी 11 मई से अनुपस्थित थे और एएनएम भी ड्यूटी से नदारद मिलीं। पीएचसी संगलाकोटी के निरीक्षण में चार कर्मचारियों में से केवल वार्ड बॉय और एएनएम ही उपस्थित मिले। प्रभारी चिकित्सक 10 मई से अनुपस्थित पाए गए जबकि फार्मासिस्ट भी मौके पर मौजूद नहीं थे। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल आपूर्ति भी बाधित पाई गई। पीएचसी पोखड़ा के निरीक्षण में एक चिकित्सक सहित आरबीएसके टीम के सभी सदस्य अनुपस्थित पाए गए। क्षेत्र भ्रमण रजिस्टर प्रस्तुत करने के निर्देश पर भी संबंधित कर्मचारी अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके। रीठाखाल स्थित आयुष विंग के निरीक्षण में भी दोनों तैनात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। यहां बायोमेट्रिक मशीन निष्क्रिय पाई गई। निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों में बायोमेट्रिक मशीनें बंद पाई गईं और मोबाइल ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। साथ ही कई केंद्रों पर साफ सफाई और झाड़ी कटान की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लापरवाही अत्यंत गंभीर विषय है।‌ निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजी जाएगी ताकि संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp