Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी थाना एवं चौकी प्रभारी स्थानीय अभिसूचना इकाई फायर सर्विस दूरसंचार एवं अन्य शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में सर्वप्रथम कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। गोष्ठी के दौरान संसाधनों के समुचित उपयोग एवं ईंधन बचत को लेकर एसपी चमोली की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। सामान्यतः अलग से आयोजित होने वाली मासिक अपराध गोष्ठी के लिए अलग तिथि निर्धारित करने के बजाय आज का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि भगवान रुद्रनाथ जी की डोली प्रस्थान यात्रा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न थानों से अधिकारी एवं कर्मचारी पहले से ही गोपेश्वर मुख्यालय में ड्यूटी हेतु मौजूद थे। ऐसे में अतिरिक्त वाहन संचालन एवं अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने के उद्देश्य से इसी दिन अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। वहीं थानाध्यक्ष बद्रीनाथ को मुख्यालय बुलाने के बजाय वर्चुअल माध्यम से गोष्ठी में जोड़ा गया जिससे अनावश्यक आवागमन से बचते हुए ईंधन संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छोटी-छोटी जिम्मेदार पहल भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकती हैं और प्रत्येक पुलिसकर्मी को संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग एवं ईंधन बचत को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। गोष्ठी में पिछले लगभग तीन सप्ताह से निरंतर संचालित हो रही चारधाम यात्रा के सफल सुव्यवस्थित एवं निर्बाध संचालन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्कता मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव मिल सके। चारधाम यात्रा मार्ग पर शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग अभद्रता एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। आगामी 23 मई को श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने के दृष्टिगत यात्रा मार्ग पर सुरक्षा पुलिस बल की तैनाती एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। गोष्ठी में गोविंदघाट एवं घांघरिया क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों होटल कर्मचारियों फड़-फेरी लगाने वालों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही यात्रा मार्ग पर संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने वायरलैस सेटों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन निरोधात्मक कार्रवाई रैश ड्राइविंग शराब पीकर वाहन चलाने अवैध नम्बर प्लेट हूटर एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। फरार वांछित एवं पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी तथा संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध थाना-वार कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। फायर सीजन के दृष्टिगत अग्नि दुर्घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने रिस्पांस टाइम कम करने तथा वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों श्री हेमकुंड साहिब एवं लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाटोद्घाटन तथा अंतरराष्ट्रीय साहसिक प्रतियोगिता नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने को कहा गया। अपराध गोष्ठी के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पंजीकृत अपराधों लंबित विवेचनाओं प्राप्त शिकायतों एवं अभियुक्तों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में टॉप करने वाली पुलिस परिवार की होनहार बेटी गायत्री बिष्ट को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। उनकी मेहनत अनुशासन एवं उत्कृष्ट उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत एवं संसाधनों के समुचित उपयोग को लेकर की गई अपील के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वाहनों का प्रयोग केवल अत्यावश्यक कार्यों के लिए ही किया जाए तथा अनावश्यक वाहन संचालन से बचा जाए। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत आर्थिक दृष्टि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रीय हित से भी जुड़ा विषय है। विगत माह में उत्कृष्ट कार्य करने पर निरीक्षक विनोद थपलियाल को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा सहित समस्त थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp