Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय योग संस्थान सामुदायिक केंद्र रोशनाबाद हरिद्वार में रविवार प्रातः 5:30 बजे पांच दिवसीय मोटापा निवारण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र मौजूद रहे। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन गायत्री मंत्रोच्चार और मां सरस्वती वंदना के साथ किया गया। मोटापे से जुड़ी जीवनशैली संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से भारतीय योग संस्थान रोशनाबाद द्वारा इस पांच दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि मोटापा आज की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बन चुका है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में रोशनाबाद शिवालिक नगर और जिला कारागार केंद्रों से लगभग 70 से अधिक साधकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन शिल्पी कनिष्ठ अभियंता उरेड़ा द्वारा किया गया। शिविर के दौरान ताड़ासन सूक्ष्म क्रियाएं नौकासन लुढ़कन और सर्पासन सहित विभिन्न योग आसनों का सामूहिक अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों के रूप में जय ध्यानी अर्चना सुशीला प्रीति पूजा मीरा थपलियाल सुनीता मीरा रावत सहित अन्य साधकों की सक्रिय सहभागिता रही। सुबह 7:30 बजे ध्यान वैदिक प्रार्थना और शांति पाठ के साथ योगाभ्यास का समापन किया गया। आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को दवाओं के बिना योग प्राणायाम और संतुलित दिनचर्या के माध्यम से वजन नियंत्रण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना है। साधकों को नियमित योगाभ्यास के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। योग सत्र के समापन के बाद जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने मुख्य विकास अधिकारी को सामुदायिक केंद्र का भ्रमण कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र में 7 जनवरी 2025 से लगातार निशुल्क योग केंद्र संचालित किया जा रहा है। इस दौरान केंद्र की समस्याओं और विकास व सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न सुझावों से भी अवगत कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र की समस्याओं के समाधान वृक्षारोपण और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp