Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ की यात्रा पर महाराष्ट्र से आई महिला यात्री तोषी चौधरी ने मानवता और सेवा का उदाहरण पेश किया। यात्रा पूरी होने के बाद उन्होंने अपने पास बची तीन पोर्टेबल हल्की और डिस्पोजेबल ऑक्सीजन कैन बेस अस्पताल में मरीजों और तीर्थ यात्रियों के उपयोग के लिए प्रदान की। महिला यात्री ने बताया कि केदारनाथ जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी महसूस होने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वे अपने साथ पोर्टेबल ऑक्सीजन कैन लेकर आई थीं ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग किया जा सके। हालांकि यात्रा के दौरान उन्हें इन कैनों की जरूरत नहीं पड़ी और यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हो गई। यात्रा समाप्त होने के बाद तोषी चौधरी ने सोचा कि बची हुई ऑक्सीजन कैन किसी जरूरतमंद के काम आ सकती हैं। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल पहुंचकर तीनों ऑक्सीजन कैन अस्पताल के सुरक्षा सुपरवाइजर को सौंप दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में यदि किसी यात्री या मरीज को अचानक सांस लेने में दिक्कत हो तो ये ऑक्सीजन कैन उपयोगी साबित हो सकते हैं। महिला यात्री के इस कदम की अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि तीर्थ यात्रा के दौरान इस तरह की सामाजिक सोच और सहयोग दूसरों के लिए प्रेरणादायक है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए इस प्रकार की मदद कई लोगों के लिए राहत बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp