Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा कानून व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल के मार्गदर्शन में विभाग की टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चला रही है। चारधाम यात्रा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आबकारी विभाग द्वारा जनपद के तीनों विकासखंडों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है ताकि यात्रा मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री तस्करी और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
अभियान के तहत अब तक करीब 69 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है जिसकी अनुमानित कीमत 96 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 142 से अधिक छापेमारी की गई हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। विभाग की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 8 अप्रैल से 17 मई तक लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा के दौरान बाहरी राज्यों और अन्य जनपदों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आबकारी विभाग की टीमें लगातार होटल ढाबों दुकानों यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं। इसके अलावा पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp