Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार में महिला से सोने की चेन चोरी की वारदात का पौड़ी पुलिस ने खुलासा करते हुए बाबरिया गैंग से जुड़े दो आरोपियों को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग के दर्जनों मामले सामने आए हैं जबकि फरार महिला आरोपी की तलाश जारी है। कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 9 मई 2026 को वह घमण्डपुर की ओर विक्रम वाहन से जा रही थीं। यात्रा के दौरान उनके पास बैठे कुछ अज्ञात लोगों और महिलाओं ने बातचीत व धक्का-मुक्की के बहाने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। मामले में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटना के खुलासे के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। एक टीम को घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच तथा दूसरी टीम को सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर विभिन्न मार्गों और चौराहों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन चिन्हित किया गया जिसके आधार पर पुलिस ने लगातार निगरानी और सूचना संकलन किया। सर्विलांस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 मई 2026 को पानीपत हरियाणा से राजेन्द्र उर्फ नरेश और मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-29 पानीपत हरियाणा में लूट चेन स्नैचिंग और अन्य मामलों के 12 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाबरिया जाति से संबंध रखते हैं और वर्तमान में पानीपत में रह रहे हैं। उन्होंने योजना बनाकर कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर क्षेत्र में महिलाओं के आभूषण चोरी करने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की। इसी दौरान लालबत्ती चौक के पास उनकी नजर एक महिला की सोने की चेन पर पड़ी जिसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई। योजना के अनुसार राजेन्द्र कार से उतर गया जबकि मुस्कान और बबीता विक्रम वाहन में महिला के पास जाकर बैठ गईं। बातचीत में उलझाकर दोनों महिलाओं ने मौका पाकर चेन चोरी कर ली। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की गई चेन को पानीपत में करीब 80 हजार रुपये में बेच दिया गया और रकम आपस में बांट ली गई। पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र से 13 हजार रुपये आरोपी मुस्कान से 10 हजार 500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त सिल्वर रंग की कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेन्द्र उर्फ नरेश निवासी विकास पुरी सेक्टर-29 पानीपत हरियाणा और मुस्कान निवासी जिला जींद हरियाणा शामिल हैं। मामले में फरार आरोपी बबीता निवासी पानीपत हरियाणा की तलाश जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सैय्यदुल बहार उपनिरीक्षक विनोद चपराना अपर उपनिरीक्षक अहसान अली हेड कांस्टेबल करण यादव कांस्टेबल चन्द्रपाल कांस्टेबल सतीश शर्मा महिला कांस्टेबल करिश्मा और पीआरडी अरुण कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp