Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। घनसाली क्षेत्र के ग्राम पावली के पास मजदूरों से भरी एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दो मजदूर घायल हो गए जबकि अन्य सभी मजदूर सुरक्षित बताए गए हैं। टिहरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा सड़क से वाहन हटाकर यातायात सुचारू कराया। जानकारी के अनुसार आज दिनांक 20 मई 2026 को शाम करीब 5:35 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि घनसाली से आगे ग्राम पावली के पास एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में पता चला कि मैक्स वाहन संख्या UK07TA/0169 सुबह करीब 10 बिहारी मजदूरों को लेकर हुलानाखाल गया था जहां मजदूर एक मकान का लिंटर डालने का कार्य कर रहे थे। कार्य समाप्त होने के बाद सभी मजदूर वापस श्रीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम पावली के पास वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को पहाड़ी से टकराकर रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में दो मजदूरों को हल्की चोटें आईं जिन्हें पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से प्राथमिक उपचार के लिए पिलखी अस्पताल भिजवाया। अन्य सभी मजदूर सुरक्षित हैं। पुलिस टीम द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था शीघ्र बहाल कर दी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मौके पर स्थिति नियंत्रित कर ली गई और बड़ी जनहानि टल गई। जनपद टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp