Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को अपर रोड में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपर रोड पर चल रहे सभी सीवरेज कार्य हर हाल में 15 जून तक पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क पर पड़े मलबे और निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अव्यवस्था के कारण यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। गंगा दशहरा को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस और संबंधित विभागों को नगर क्षेत्र में सड़क किनारे और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना बेहद जरूरी है और किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मां मनसा देवी मार्ग मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट हरकी पौड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी सहायक अभियंता पेयजल निगम गंगा संदीप कुमार कनिष्ठ अभियंता सुधीर कुमार ठेकेदार रजत शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp