प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री एवं विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के अंतर्गत उच्छोला माथ्यागांव भुनालगांव बक्शीर डांगी खोड़ अरखुंड दानकोट किमाणा एवं रायड़ी गांवों का सघन क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर स्थानीय जनता से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों मातृशक्ति पूर्व सैनिकों और युवाओं से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना उनका पहला दायित्व है। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल लाइन की मरम्मत क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के सुधारीकरण उप स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक और दवाओं की उपलब्धता विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति सिंचाई गूलों की मरम्मत तथा वन्यजीवों से फसलों की सुरक्षा जैसी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों से संबंधित सुझाव भी दिए। मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकांश समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मौके पर मौजूद जल संस्थान लोक निर्माण विभाग स्वास्थ्य शिक्षा और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और दुर्गम क्षेत्रों में सड़क स्वास्थ्य शिक्षा तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और वे जनता के सेवक के रूप में निरंतर क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी भाजपा वरिष्ठ नेता वाचस्पति सेमवाल मंडल अध्यक्ष विनोद कंडारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
