Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर 25 मई 2026 को हरिद्वार में आयोजित होने वाले पवित्र स्नान को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित करते हुए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है इसलिए यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। हर की पैड़ी जोन में सचिव हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इस जोन के अंतर्गत हर की पैड़ी महिला घाट संजय पुल और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मालवीय दीप क्षेत्र के लिए उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। कांगड़ा पुल और शिव पुल क्षेत्रों में भी सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सुभाष घाट जोन में दयानंद सरस्वती को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है जहां मोती बाजार बड़ा बाजार और विष्णु घाट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। मनसा देवी जोन में जितेंद्र कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। यहां मनसा देवी मंदिर हिल बाईपास खड़ंजा मार्ग और पैदल मार्ग पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। अपर रोड जोन में नंदन कुमार को जिम्मेदारी दी गई है जहां रतन टाकीज पोस्ट ऑफिस शिवमूर्ति चौक और देवपुरा क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। ऋषिकुल मैदान क्षेत्र में महेश कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। यहां पार्किंग प्रेमनगर रानीपुर मोड़ और आर्यनगर क्षेत्रों में निगरानी रखी जाएगी। खड़खड़ी-सप्तऋषि जोन में आकाश जोशी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है जहां भीमगोड़ा दूधाधारी चौक भूपतवाला बैरियर और हनुमान वाटिका क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। रोडी बेलवाला क्षेत्र में राजेश कुमार गुप्ता को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। जयराम मोड़ पंतदीप पार्किंग चंडी चौक और रोडी बेलवाला पार्किंग क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। शंकराचार्य चौक और कनखल क्षेत्र के लिए अलग से अधिकारियों की तैनाती की गई है। सिंहद्वार और हरिलोक तिराहे से कोर कॉलेज तक भी निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है। चंडी देवी जोन में वेद प्रकाश को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। यहां कालीमाता तिराहा चंडी घाट पार्किंग चिड़ियापुर बैरियर और चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाएगी। अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन फिंचा राम चौहान को पूरे जनपद की कानून व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24 मई से 24 घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जिसकी प्रभारी मीरा रावत होंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था मजबूत रखने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और गंगा दशहरा स्नान को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *