Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामोत्थान रीप परियोजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आईएफएडी के कंट्री डायरेक्टर जेम्स मार्क शील्ड्स ने हरिद्वार पहुंचकर परियोजना क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना निदेशक झरना कामठन आईएफएडी की जनरल सलाहकार निशिधा मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म के टीम लीडर आलोक जैन तथा कृषि विशेषज्ञ रविंद्र कुकरेती भी मौजूद रहे। हरिद्वार पहुंचने पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना ने कंट्री डायरेक्टर और टीम का स्वागत किया। इसके बाद टीम ने विकासखंड बहादराबाद में रीप परियोजना के तहत स्वागत क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा संचालित वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण किया और वहां संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इस यूनिट में मंदिरों से एकत्रित फूलों का प्रसंस्करण कर विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। टीम ने यूनिट में स्थापित मशीनों का महिलाओं द्वारा संचालन उत्पादन प्रक्रिया और उत्पादों की पैकेजिंग का अवलोकन किया। साथ ही महिलाओं से सीधे संवाद कर आय सृजन रोजगार और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की गई। जेम्स मार्क शील्ड्स इस यूनिट की कार्यप्रणाली और उत्पादन प्रक्रिया से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण रोजगार और आय सृजन की दिशा में बेहद प्रभावी कार्य कर रही है। इसके बाद टीम ने पारंपरिक तरीके से तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों जैसे तेल मसाले और मल्टीग्रेन आटा निर्माण इकाइयों का भी निरीक्षण किया। परियोजना के तहत स्वायत्त सहकारिताओं के साथ अनुबंध कर कच्चे माल की आपूर्ति ली जा रही है और सदस्यों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर गुणवत्तायुक्त उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। मेदांस संस्था ग्रामोत्थान रीप परियोजना के साथ निजी भागीदार के रूप में कार्य कर रही है। कंट्री डायरेक्टर और परियोजना टीम ने मीठी गंगा परियोजना का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मधुमक्खी पालन करने वाले किसानों से शहद उत्पादन, प्रसंस्करण पैकेजिंग और भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मीठी गंगा‌ के तहत तैयार शहद उत्पादों के विपणन कार्यों की विशेष सराहना की और निदेशक मंडल के सदस्यों को बधाई दी। इसके बाद टीम ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र के साथ बैठक कर परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों और अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की। कंट्री डायरेक्टर और परियोजना टीम ने मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए सुझावों और अभिनव प्रयासों की सराहना की। टीम ने पीलीभीत हाउस स्थित हाउस ऑफ हिमालय का भी भ्रमण किया। पूरे भ्रमण कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना द्वारा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में किया गया। इस दौरान सहायक प्रबंधक सेल्स अमित शर्मा सहायक प्रबंधक आजीविका शिव शंकर बिष्ट सहायक प्रबंधक काम सिंह सहित विकासखंड बहादराबाद की रीप टीम सहकारिताओं के निदेशक मंडल स्टाफ और अन्य हितधारक मौजूद रहे। आईएफएडी कंट्री डायरेक्टर का यह दौरा ग्रामोत्थान रीप परियोजना से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp