Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में राहगीर को चाकू दिखाकर मोबाइल फोन लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और चाकू भी बरामद किया है। घटना 22 मई 2026 की है जब अंगद प्रसाद साहू निवासी जिला शहडोल मध्य प्रदेश, जो वर्तमान में नवोदय नगर चौक में रह रहे हैं ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आईएमसी चौक के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और चाकू दिखाकर मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने पुलिस लाइन तिराहे के पास से दो संदिग्ध युवकों हसन और आशु को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन निवासी लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश हाल निवासी रावली महदूद सिडकुल तथा आशु निवासी रावली महदूद सिडकुल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह देवेंद्र चौहान और हरि सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp