प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में कचरा और ठोस अपशिष्ट के उचित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और कचरा प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। नगर निगम नगर पालिका नगर पंचायत जिला पंचायत और पंचायतीराज विभाग को अपने क्षेत्रों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर नियमित सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे के उचित निस्तारण के लिए ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि घरों फैक्ट्रियों दुकानों होटल-ढाबों और चिकित्सालयों से निकलने वाले कचरे और ठोस अपशिष्ट के निस्तारण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने प्लास्टिक कचरा मेडिकल वेस्ट सेनेटरी नैपकिन और डायपर जैसे अपशिष्टों के सुरक्षित निस्तारण के लिए कूड़ा वाहनों में चार अलग-अलग कंटेनर रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए गए कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई फैक्ट्री नियमों का पालन नहीं करती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्वच्छता अभियान में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता विषय पर निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को भी कहा ताकि बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। नोडल अधिकारी स्वच्छता को निर्देश दिए गए कि जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों की प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जिन विभागों की ओर से सफाई संबंधी सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाती है उनकी सूची तैयार कर प्रशासन को भेजी जाए ताकि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सफाई व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या या सुझाव देना हो तो विकास भवन में स्थापित स्वच्छता कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 8273371714 पर जानकारी दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है और हर की पौड़ी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में जनपद में स्वच्छ और साफ वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है ताकि यात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.लालित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता अपर उपजिलाधिकारी हरगिरी एसएलओ आकाश जोशी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अनिल वर्मा सहायक आयुक्त खाद्य महिमानंद जोशी जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत स्वजल नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित नगर निकायों और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
