Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चम्बा क्षेत्र के टनल रोड स्थित दिखोल गांव में पंचायत भवन के पास जंगल में लगी आग पर पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से समय रहते काबू पा लिया गया। इससे पंचायत भवन और आसपास के रिहायशी क्षेत्र को संभावित नुकसान से सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को कोतवाली चम्बा पुलिस को ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई कि दिखोल गांव में पंचायत भवन के समीप जंगल में आग लग गई है जो धीरे-धीरे गांव की ओर बढ़ रही है। आग की गंभीरता को देखते हुए आशंका जताई गई कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो पंचायत भवन सहित आसपास के रिहायशी क्षेत्र को नुकसान पहुंच सकता है और बड़ी घटना हो सकती है। सूचना मिलते ही कोतवाली चम्बा पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही टिहरी से फायर सर्विस टीम को भी आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया। पुलिस और फायर सर्विस की सूझबूझ और तत्परता के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया तथा पंचायत भवन और आसपास के गांव क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन और फायर सर्विस टीम के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जंगलों में आग लगने संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जनधन की हानि को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp