Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला एवं विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 24 मई 2026 को श्रीनगर गढ़वाल स्थित विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी क्रम में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक योगासन एवं षट्कर्म विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के योग विभागाध्यक्ष डॉ.उद्धम सिंह विषय विशेषज्ञ के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला में योग विभाग के 50 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की तथा षट्कर्म की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को योग और शारीरिक शुद्धि से जुड़े विभिन्न अभ्यासों की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक योग दर्शन विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के वेद विभाग से डॉ.दीनदयाल विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को योग दर्शन की व्यावहारिक उपयोगिता से अवगत कराते हुए दैनिक जीवन में योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.अनुजा रावत ने सभी अतिथियों शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ.जी.एस.ठाकुर डॉ.सी.बेत्ताल डॉ.रजनी नौटियाल डॉ.किरण वर्मा डॉ.विनोद नौटियाल सहित सभी शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp