Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा बेस चिकित्सालय श्रीनगर में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर उन्हें स्वच्छता स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में बालिकाओं को सेनेटरी नेपकिन भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में बेस अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ.नवज्योति बोरा ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म महिलाओं की प्राकृतिक एवं सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है जिसे लेकर किसी भी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही जानकारी स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय सलाह से किशोरियां स्वस्थ जीवन जी सकती हैं। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छ सेनेटरी नेपकिन के उपयोग समय-समय पर उन्हें बदलने संतुलित आहार लेने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की शारीरिक समस्या अनियमितता या मानसिक असहजता महसूस हो तो बिना झिझक चिकित्सकों अथवा काउंसलरों से संपर्क करना चाहिए। सीएमओ गढ़वाल डॉ.शिव मोहन शुक्ला एवं प्रभारी एनएचएम एसीएमओ डॉ.पारुल गोयल द्वारा जिले के अस्पतालों एवं समुदाय स्तर पर तीन दिनों तक मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में बेस अस्पताल में यह कार्यक्रम एनएचएम प्रभारी डॉ.धनंजय डोभाल के निर्देश पर उक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े मनमोहन सिंह संगीता रयाल एवं एमएसडब्ल्यू नाहिद अख्तर ने किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता की उपयोगिता मानसिक स्वास्थ्य पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किशोरियों को अपनी समस्याओं को छिपाने के बजाय डॉक्टरों और काउंसलरों से खुलकर बात करनी चाहिए ताकि समय रहते उचित परामर्श और उपचार मिल सके। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक मनमोहन पटवाल ने बताया कि कार्यक्रम के तहत काउंसलरों द्वारा आशाओं विद्यालयों एवं समुदाय भ्रमण के दौरान प्रत्येक माह किशोरियों को निःशुल्क सेनेटरी नेपकिन वितरित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जनपद में एक लाख 30 हजार से अधिक सेनेटरी नेपकिन वितरित किए जा चुके हैं तथा सभी काउंसलरों द्वारा लगातार बेहतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में किशोरियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर संवाद करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp