Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को जिला पंचायत सभागार पौड़ी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीनियर सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने की। कार्यक्रम में तंबाकू और निकोटिन की लत के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरुक किया गया। इस अवसर पर सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने कहा कि केवल एक दिन तंबाकू निषेध दिवस मनाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा बल्कि प्रत्येक दिन तंबाकू उत्पादों का बहिष्कार कर ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलायी तथा हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में तंबाकू की लत छोड़ चुके तीन व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाने और इसे छोड़ने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं। यदि कोई व्यक्ति इसकी लत का शिकार हो गया है तो उसे प्रेम सहयोग और सहानुभूति के माध्यम से इस आदत से बाहर निकाला जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर तंबाकू निषेध को लेकर जागरुकता कार्यक्रम संचालित करता रहता है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग तेजी से तंबाकू सेवन और नशे की ओर बढ़ रहा है। शिक्षण संस्थानों में बच्चे अपना भविष्य संवारने आते हैं इसलिए उन्हें अपने व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हुए तंबाकू और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि तंबाकू और धूम्रपान से न केवल सेवन करने वाला व्यक्ति बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोग भी प्रभावित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान जीआईसी पौड़ी के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण निबंध चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में दिव्यांशु रावत प्रथम रुबीना रावत द्वितीय तथा आरुष तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशु रावत प्रथम और प्रियांशी द्वितीय रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में मोहित ने प्रथम तथा कार्तिक कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में आदित्य बिष्ट प्रथम और निशा द्वितीय स्थान पर रही। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.अलीशा प्रधानाचार्य आर पी डोबरियाल एसआई संजय असवाल एनसीडी कंसल्टेंट श्वेता गुसाईं दिनेश शाह निम्मी कुकरेती मनमोहन देवली आशीष रावत दुर्गा नेगी सहित विभागीय कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp