Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री व श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने बेस चिकित्सालय श्रीनगर पहुंचकर गुलदार के हमले में घायल भर्ती महिला का हालचाल जाना। दोनों मंत्रियों ने अस्पताल में भर्ती ओणी गांव निवासी विनीता देवी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि विनीता देवी गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं जिन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंत्रियों ने डॉक्टरों को महिला के बेहतर उपचार के निर्देश देते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान उन्होंने परिजनों को भी ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री अस्पताल में भर्ती दीपक उनियाल की माता से भी मिलने पहुंचे। बताया गया कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उन्हें चोटें आई थीं और उनका उपचार बेस अस्पताल में चल रहा है। दोनों मंत्रियों ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों से इलाज की प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp