Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु का खोया बैग घांघरिया पुलिस की तत्परता और प्रयासों से सकुशल बरामद हो गया। बैग में जरूरी सामान होने के कारण परेशान श्रद्धालु ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार अवलप्रीत निवासी गुरदासपुर (पंजाब) पुलना से गोविंदधाम के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना बैग एक कंडी संचालक को सौंप दिया था। गोविंदधाम पहुंचने के बाद काफी देर तक उन्हें कंडी संचालक नहीं मिला जिससे उनका बैग भी उनके पास नहीं पहुंच सका। बैग में आवश्यक सामान होने के कारण श्रद्धालु ने आसपास काफी खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इससे वह चिंतित और परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने घांघरिया पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस कर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी और सहायता की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए बैग की तलाश शुरू कर दी। विभिन्न स्थानों पर लगातार खोजबीन और प्रयासों के बाद कांस्टेबल राहुल सिंह नेगी ने श्रद्धालु का खोया हुआ बैग सकुशल बरामद कर लिया। बैग मिलने के बाद उसे सुरक्षित रूप से श्रद्धालु को सौंप दिया गया। अपना सामान वापस पाकर श्रद्धालु के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने घांघरिया पुलिस की तत्परता संवेदनशीलता और सहयोग की सराहना करते हुए हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। चमोली पुलिस लगातार चारधाम और हेमकुंड यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और सुविधा के लिए कार्य कर रही है। पुलिस की सक्रियता और सेवा भावना के चलते यात्रियों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp