Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भागीरथी कला संगम की ओर से सोमवार को कीर्तिनगर स्थित ढूंढ प्रयाग घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह छह बजे शुरू हुए इस अभियान में संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए घाट परिसर और आसपास फैली गंदगी को एकत्रित कर नगर निगम द्वारा लगाए गए कूड़ेदानों में डाला। अभियान का उद्देश्य घाट क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि यह स्वच्छता अभियान केंद्रीय विश्वविद्यालय में कार्यरत डॉ.मयंक जोशी के आग्रह पर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि डॉ.जोशी ने समिति द्वारा लगातार किए जा रहे स्वच्छता कार्यों को देखकर इस अभियान से जुड़ने और जनजागरूकता बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की थी। डॉ.मयंक जोशी ने कहा कि नदियों घाटों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कूड़ा केवल कूड़ेदान या नगर निगम की कूड़ा संग्रहण गाड़ी में ही डालें तथा नदी तटों और घाटों पर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि ढूंढ प्रयाग घाट एक महत्वपूर्ण और पौराणिक स्थल है जिसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने भागीरथी कला संगम के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक और स्वच्छता संबंधी कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने भविष्य में भी समिति के साथ मिलकर जनहित के कार्यों में सहयोग करने का भरोसा दिया। संस्था अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से धार्मिक और आस्था स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। स्वच्छता अभियान में संस्था के उपाध्यक्ष मुकेश नौटियाल सचिव पदमेंद्र रावत‌ वरिष्ठ संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल धर्मेंद्र मदन गड़ोई भगत सिंह बिष्ट डॉ.मयंक जोशी रघुवीर सिंह रावत, हरेंद्र तोमर सहित अन्य सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp