प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने हरित हरिद्वार मुहिम को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों में कम से कम 10-10 पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों को भी कम से कम एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। हरिद्वार को हरा-भरा और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। बैठक में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न होने दिया जाए। जहां भी अतिक्रमण की शिकायतें प्राप्त हों वहां तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मानसून से पहले जनपद के सभी नालों और नालियों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए सफाई कार्य समय से पूरा किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में नगर निगम नगर पालिकाओं नगर पंचायतों जिला पंचायत खंड विकास अधिकारियों तथा जिला पंचायतराज विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों और नालों की सफाई अभियान को तेज गति से संचालित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.लालित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अनिल वर्मा जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी स्वजल नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
