Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र नियमानुसार संचालित पाया गया तथा सभी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जिलाधिकारी के निर्देशन के अनुपालन में तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी के नेतृत्व में जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी की पांच सदस्यीय टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंची। टीम ने वहां स्थापित अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण करते हुए विभिन्न अभिलेखों और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन पर कार्यरत चिकित्सक की वैधता मशीन के मेक एवं मॉडल ओपीडी रजिस्टर, एएनसी रजिस्टर फार्म-एफ विवरण तथा विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव की जांच की गई। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड केंद्र में नोटिस बोर्ड डिस्प्ले सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा एक्टिव ट्रैकर की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्र नियमानुसार संचालित पाया गया। निरीक्षण दल ने केंद्र संचालकों को भविष्य में भी सभी नियमों एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए केंद्र का संचालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल में जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी के सदस्य डॉ.मनीष कुमार डॉ.मोनिका राणा तथा जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी मुकेश बगवाड़ी भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp