Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की चौतरफा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली कक्षवार विद्युत आपूर्ति खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा गार्ड्स की ड्यूटी एवं शिफ्टवार तैनाती की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने वेयरहाउस के बाहरी क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp