Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। ग्राम्य विकास लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सभागार रुद्रप्रयाग में विकास कार्यों एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंत्री का पौधा भेंट कर स्वागत किया। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की जबकि विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट रखी। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क डामरीकरण सेतु निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई। मंत्री ने त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग एवं कालीमठ सड़क मार्ग की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन सड़कों को पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित या टेकओवर किया जाना है उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा। जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया। मंत्री ने रौठिया-जवाड़ी फेस-2 पंपिंग योजना तल्ला नागपुर फेस-2 योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान नगरासू सारी एवं लस्तर नहर सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मंत्री ने सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि इस वर्ष कृषि घेरबाड़ योजना में 44 नए गांवों को शामिल किया गया है। मंत्री ने जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को बांस उत्पादन के लिए उपयुक्त बताते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बांस रोपण से सड़कों के किनारे प्राकृतिक सुरक्षा अवरोध विकसित किए जा सकते हैं और स्थानीय लोगों की आजीविका भी मजबूत होगी। उद्यान विभाग को फलदार पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान लंबित मान्यता प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। मंत्री ने शीर्ष अंक प्राप्त करने वाले 100 विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि उन्हें राज्य सरकार की ओर से टैबलेट उपलब्ध कराए जा सकें। इन टैबलेट्स में प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग को सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता तथा आवश्यकता के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। पशुपालन विभाग की समीक्षा में बकरी पालन भेड़ पालन गोपालन एवं गोट वैली योजना के लाभार्थियों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही इन गतिविधियों को लखपति दीदी योजना से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए दुग्ध समितियों के गठन एवं कलेक्शन प्वाइंट विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने परिवहन विभाग को बॉटलनेक प्वाइंट्स पर पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मंत्री ने सभी विभागों को संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने राहत एवं बचाव संसाधनों को सक्रिय रखने तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि अधिकांश योजनाओं पर कार्य संतोषजनक गति से चल रहा है लेकिन विकास कार्यों में और तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर उप वन संरक्षक रजत सुमन अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उप जिलाधिकारी उखीमठ अनिल रावत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp