Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट न हो और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-58 क्षेत्र में ज्वालापुर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। यह अभियान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा चलाया गया। अभियान के दौरान कुल छह खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन के मामले सामने आने पर दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने तथा आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर एक चालान किया गया। वहीं दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई भी की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कहा कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। आमजन को सुरक्षित स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp