Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सिक्ख धर्म की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जनपद चमोली पहुंच रहे हैं। इस वर्ष अब तक 55,411 श्रद्धालु श्री हेमकुण्ड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक गोविन्दघाट और घांघरिया पहुंच रहे हैं। ऐसे में चमोली पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा यातायात प्रबंधन तथा यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के प्रमुख पड़ाव गोविन्दघाट में वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलना क्षेत्र में सीमित पार्किंग क्षमता को देखते हुए गोविन्दघाट से पुलना तक शटल सेवा संचालित की जा रही है, जिससे यातायात का दबाव नियंत्रित रहे और मार्ग पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। इस व्यवस्था के कारण यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व डंडी-कंडी संचालकों और घोड़ा-खच्चर संचालकों का पुलिस सत्यापन किया गया जिससे यात्रा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। संपूर्ण यात्रा मार्ग पर संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्रदान कर रहे हैं। यात्रा मार्ग की भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। घांघरिया में एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार है। इसके अतिरिक्त यात्रा क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के लिए एटीएस द्वारा भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। चमोली पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग पार्किंग स्थलों भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख पड़ावों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यातायात पार्किंग भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित है जिसके परिणामस्वरूप श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा और फूलों की घाटी भ्रमण सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो रहे हैं। चमोली पुलिस श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चमोली पुलिस का संकल्प है कि प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित सुव्यवस्थित और सुखद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp