Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना देवप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत तोता घाटी के पास चारधाम यात्रा पर जा रही एक बस सड़क पर पलट गई। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से प्राप्त होते ही टिहरी पुलिस आपदा प्रबंधन टीम और 108 एम्बुलेंस सेवा तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस रुद्रप्रयाग से हरिद्वार की ओर जा रही थी। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। तोता घाटी के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और राहत कार्य संचालित किया। दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई है। बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम द्वारा मौके पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन करते हुए यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान की। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है। टिहरी पुलिस ने आमजन और यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की है ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp