Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार शहर में सिवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। स्थानीय जनता व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में हो रही असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य दिन-रात संचालित कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दौरान जिन सड़कों को सिवरेज कार्य के लिए खोदा गया है उनकी मरम्मत हर हाल में प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उनके निर्देशों के अनुपालन में निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है और विभिन्न क्षेत्रों में सड़क पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 एवं पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 06 जून को दोनों पैकेजों के अंतर्गत कुल 346 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। पैकेज-01 के अंतर्गत नाही रोड पर दूधाधारी चौक से डॉल्फिन होटल तक 60 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इसके अतिरिक्त ऋषिकुल कॉलोनी क्षेत्र में 24 मीटर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार पैकेज-01 में कुल 84 मीटर कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपति धाम फेज-3 सीसी रोड पर 85 मीटर गणपति धाम फेज-3 पावर ब्लॉक क्षेत्र में 90 मीटर गणपति धाम फेज-2 पावर ब्लॉक क्षेत्र में 25 मीटर मोहन एन्क्लेव सीसी रोड पर 36 मीटर तथा राज विहार फेज-1 पावर ब्लॉक क्षेत्र में 26 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार पैकेज-02 में कुल 262 मीटर कार्य पूर्ण हुआ। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के लिए दिन-रात कार्य कराया जा रहा है। सड़क पुनर्निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय निवासियों व्यापारियों तथा चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही आगामी कांवड़ मेले के दौरान भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाएगा ताकि शहरवासियों और तीर्थ यात्रियों को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp