Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। इस अवसर पर कुल 66 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जो पेयजल मुआवजा विद्युत आपदा सहित विभिन्न विषयों से संबंधित रहे। कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनता दरबार में तहसील धनोल्टी के ग्राम गोठ के प्रधान लाखी राम चमोली ने राजकीय इंटर कॉलेज धनोल्टी में इंटरमीडिएट स्तर पर कला वर्ग की मान्यता न होने के कारण विद्यार्थियों को विज्ञान वर्ग में अध्ययन करने की मजबूरी का मामला उठाया। साथ ही निकट में अन्य इंटर कॉलेज न होने की समस्या भी बताई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील जाखणीधार के कपलना निवासी कलम सिंह पंवार ने अंजनीसैण-कपलना मोटर मार्ग निर्माण से मकान और आंगन को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील टिहरी के ग्राम रियूंटी निवासी गजेन्द्र उनियाल ने चीड़ के पेड़ों से आवासीय भवनों को खतरा होने की आशंका जताते हुए उन्हें कटवाने की मांग की। वहीं ग्राम रौलाकोट तहसील प्रतापनगर निवासी दिनेश सिंह ने रौलाकोट-सांदणा मोटर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए किए गए सर्वेक्षण में अपने आवासीय भवन और आंगन के सड़क चौड़ीकरण की जद में आने की जानकारी देते हुए स्थलीय निरीक्षण कराने अधिग्रहण की स्थिति स्पष्ट करने मुआवजा दिलाने तथा भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। नरेन्द्र सिंह राणा पूर्व प्रधान एवं उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी ग्राम तल्ला उप्पू ने ग्राम गोरण में आवंटित भूखंडों का स्थल विकास एवं कब्जा दिलाने की मांग रखी। वहीं तहसील जाखणीधार के ग्राम नन्दगांव निवासी वीरेन्द्र दत्त ने भूमि अभिलेखों में दर्ज मृत खातेदारों के संबंध में उत्तराधिकार दर्ज किए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत विभाग की झूलती तारों पेयजल समस्याओं तथा आपदा से क्षतिग्रस्त कार्यों के संबंध में भी कई आवेदन प्राप्त हुए जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता दरबार में उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.श्याम विजय जिला विकास अधिकारी मो.असलम आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp