Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सोमवार को कोतवाली नरेंद्रनगर क्षेत्राधिकारी कार्यालय नरेंद्रनगर तथा फायर सर्विस कार्यालय नरेंद्रनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की कार्यक्षमता अभिलेखों के रख-रखाव जनसुविधाओं तथा आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों का मूल्यांकन करना था। कोतवाली नरेंद्रनगर के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर महिला हेल्प डेस्क मालखाना भोजनालय बैरक हवालात सीसीटीएनएस कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव तथा स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं शिकायतों एवं अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के त्वरित निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी कार्यालय नरेंद्रनगर का निरीक्षण कर कार्यालयीय अभिलेखों पत्रावलियों तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में पारदर्शिता समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को बेहतर और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। फायर सर्विस कार्यालय नरेंद्रनगर के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध अग्निशमन वाहनों उपकरणों और आपदा प्रबंधन संसाधनों की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया गया। उन्होंने फायर कर्मियों की तैयारियों उपकरणों के रख-रखाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी वर्षाकाल और संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने सभी संसाधनों को पूर्ण रूप से क्रियाशील एवं तत्पर अवस्था में बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस एवं फायर कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना तथा कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन कर्तव्यनिष्ठा जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था पुलिसिंग व्यवस्था और जनसेवा को अधिक प्रभावी पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से ऐसे आकस्मिक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp