Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 26 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराते हुए शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन सीएम हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गंभीरता प्राथमिकता और संतोषजनक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग शिकायत पर की गई कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी अनिवार्य रूप से शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराएं। जनता मिलन कार्यक्रम में विनोद कुमार भंडारी ने बुआखाल पंपिंग योजना से आच्छादित गहड़ गांव की पेयजल पाइपलाइन के सुचारु रूप से कार्य न करने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को अगले ही दिन मौके पर जाकर समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता से समाधान की पुष्टि मिलने के बाद ही शिकायत का निस्तारण माना जाएगा। नागरिक कल्याण एवं जागरूक समिति पौड़ी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत ने शहर में अवैध जल संयोजनों की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान की सभी शाखाओं को निकाय क्षेत्रों में जल संयोजनों की गणना कराने के निर्देश दिए। साथ ही निराश्रित श्वानों एवं गोवंशीय पशुओं से शहर को मुक्त कराने के लिए निकाय अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। धारकोट निवासी जगदीश प्रसाद ने धारकोट-मेकस्या-घाघण-कपोलस्यूं मोटर मार्ग से प्रभावित होने के बावजूद लंबे समय से मुआवजा न मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को मुआवजे का तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए तथा विलंब के कारणों पर रिपोर्ट तलब की। उखलेत गांव के निवासियों द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी उरेडा को जिला योजना के अंतर्गत सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया। जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। हाल ही में मंजेड़ा निवासी जयपाल सिंह बिष्ट की शिकायत पर धनाऊ मल्ला में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच कराई गई। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी प्रकार केवर्स में दुग्ध डेयरी संचालक राहुल गुसाईं की शिकायत का समाधान करते हुए दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ श्रीनगर द्वारा दुग्ध उत्पादक समिति केवर्स को 50 बैग साइलेज उपलब्ध कराए गए जिससे दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है। ग्राम प्रधान पाबौ रचना की मांग पर प्राथमिक विद्यालय पाबौ के भवन निर्माण हेतु भूमि चयन की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली गई। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज चाकीसैंण के शिक्षक-अभिभावक संघ की मांग पर किचन-कम-स्टोर की मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई। इसी प्रकार अन्य शिकायतों पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला मुख्य चिकित्साधिकारी शिवमोहन शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp