Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण और जागरूकता अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि उनके नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन शिव मूर्ति एवं अपर रोड क्षेत्र में स्थित स्थायी और अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुल 8 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा प्रयोगशाला जांच के लिए 2 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इसके अलावा नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया के सहयोग से लगभग 100 स्ट्रीट वेंडरों को फॉस्टेक (FoSTaC) प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वेंडरों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने आसपास के वातावरण को साफ रखने अपशिष्ट पदार्थों के उचित निस्तारण स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में खाद्य विक्रेताओं को अखबारी कागज में खाद्य सामग्री परोसने या रखने से बचने की भी सलाह दी गई। साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मानकों का पालन न करने तथा विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है। इस संबंध में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अदालत में धारा-55 के अंतर्गत 6 वाद दायर किए गए हैं। सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच नमूना संग्रहण और जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे ताकि यात्रियों और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp