Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। नंदा राजजात यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) ने यात्रा मार्ग पर आधुनिक सोलर प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। नंदा राजजात यात्रा-2026 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए उरेडा द्वारा 2 करोड़ 25 लाख 79 हजार 832 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के अंतर्गत यात्रा मार्ग पर 792 सोलर स्ट्रीट लाइटें तथा 50 सोलर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 832 रुपये तथा सोलर हाईमास्ट लाइटों पर 73 लाख 37 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे। उरेडा द्वारा स्वीकृत धनराशि जनपद चमोली को अवमुक्त कर दी गई है। परियोजना के तहत यात्रा मार्ग के चिन्हित स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सोलर प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं तृतीय पक्ष परीक्षण की व्यवस्था भी की गई है ताकि सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जा सकें। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि नंदा राजजात यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सोलर प्रकाश व्यवस्था स्थापित होने से यात्रा मार्ग पर रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित होगा। साथ ही दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा राजजात यात्रा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सोलर स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों की स्थापना से श्रद्धालुओं को रात्रि के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी। जिला प्रशासन यात्रा की सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुव्यवस्थित और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp