Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चंबा क्षेत्र में एक महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले का टिहरी पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद दोनों के बीच मुलाकातें होती थीं और विवाद के दौरान आरोपी ने महिला पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। 05 जून 2026 को ज्ञानसू निवासी एक युवक जो घायल महिला का भतीजा है ने कोतवाली चंबा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी चाची 04 जून को दवाई लेने के लिए चंबा गई थीं लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा। काफी तलाश के बाद पता चला कि वह चंबा क्षेत्र के भंडार गांव के एक खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। बाद में उन्हें जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। शिकायत के आधार पर चंबा कोतवाली में हत्या के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चंबा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तकनीकी साक्ष्य जुटाए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया तथा गहन जांच और सुरागरसी की। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर 09 जून 2026 को आरोपी सुरेश लाल उर्फ सूरज पुत्र गुलाब लाल निवासी ग्राम कठ्यूड़ थाना पैठाणी जनपद पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी उस समय अपनी बहन के पास मसूरी जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान पीड़िता से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। पिछले कई महीनों से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी और वे कई बार चंबा क्षेत्र में मिल चुके थे। 04 जून को दोनों भंडार गांव के एक सुनसान खेत में मिले जहां किसी बात को लेकर विवाद और हाथापाई हो गई। आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान उसने महिला का मोबाइल फोन छीनकर झाड़ियों में फेंक दिया और गुस्से में पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। महिला के घायल होकर गिरने के बाद भी उसने दोबारा पत्थर से हमला किया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया सिम कार्ड नष्ट कर दिया और गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से जुड़े तथ्यों को स्वीकार करते हुए घटनास्थल और पीड़िता के मोबाइल फोन की बरामदगी कराने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर आवश्यक बरामदगी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई में जुटी हुई है। चंबा पुलिस द्वारा मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येन्द्र भण्डारी अपर उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार‌ हेड कांस्टेबल संतोष सिंह हेड कांस्टेबल शशिकांत कांस्टेबल हरेन्द्र कांस्टेबल रामचन्द्र सीआईयू से अपर उपनिरीक्षक सुंदर लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp