Spread the love

प्रदीप कुमार
कलियर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन ट्रैक्टर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं। इनमें एक ट्रैक्टर वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से चोरी किया गया था जबकि दूसरा लगभग दो माह पूर्व पंजाब से चोरी किया गया था। 16 मई 2024 को ग्राम मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत ने कोतवाली कलियर में सूचना दी थी कि उनका ट्रैक्टर संख्या UK 17 R 7322 अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान अज्ञात चोरों की तलाश के काफी प्रयास किए गए लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर जनवरी 2025 में अंतिम रिपोर्ट न्यायालय को भेज दी गई। इसके बावजूद कलियर पुलिस द्वारा चोरी गए ट्रैक्टर की तलाश लगातार जारी रखी गई। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली कलियर पुलिस लगातार अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। 9 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम दरियापुर मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को दो चोरी के ट्रैक्टरों के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद ट्रैक्टरों में एक ट्रैक्टर संख्या UK 17 R 7322 शामिल है जो कलियर क्षेत्र से चोरी किया गया था। दूसरा ट्रैक्टर बिना नंबर का स्वराज 855 मॉडल लाल रंग का है जो पंजाब में हुई चोरी की घटना से संबंधित पाया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों अजय अभिषेक और अंकुश ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी हैप्पी निवासी खजूरी देवबंद के साथ मिलकर 16 मई 2024 की रात कलियर क्षेत्र से महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि करीब दो माह पहले उन्होंने पंजाब के नारायणगढ़ संगरूर क्षेत्र से स्वराज ट्रैक्टर चोरी किया था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी के बाद वे ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट हटा देते थे और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई एवं मजदूरी के कार्यों में इस्तेमाल करते थे जिससे हाईवे पर पुलिस चेकिंग के दौरान पहचान से बचा जा सके। पुलिस अब उनके फरार साथी हैप्पी की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार निवासी लिब्बरहेड़ी अभिषेक कुमार निवासी भलसुआ गाज और अंकुश निवासी फखरहेड़ी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग तीन लाख रुपये कीमत का महिंद्रा 575 ट्रैक्टर संख्या UK 17 R 7322 तथा करीब ढाई लाख रुपये कीमत का स्वराज 855 ट्रैक्टर बरामद किया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला कांस्टेबल अनंत राम कांस्टेबल फुरकान अहमद तथा कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp