Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराध नियंत्रण कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा राजस्व क्षेत्रों से नियमित पुलिस को हस्तांतरित पुराने लंबित मामलों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में देवप्रयाग पुलिस ने राजस्व क्षेत्र में दर्ज एक पुराने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। 21 अगस्त 2025 को वादी सुंदर सिंह निवासी पौड़ी ने राजस्व पुलिस चौकी बनगढ़स्यूं में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जियो टावर के पार्ट्स चोरी कर लिए हैं। मामले में राजस्व क्षेत्र पट्टी बनगढ़स्यूं पौड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में उच्चाधिकारियों के आदेश पर मामले की विवेचना राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचक और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों का गहन परीक्षण किया। अभियुक्त की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए लगातार सुरागरसी साक्ष्य संकलन तथा तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं का विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों गोपनीय जानकारियों और तकनीकी माध्यमों के आधार पर अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित करते हुए उसके संबंध में लगातार जानकारी जुटाई। अथक प्रयासों और प्रभावी विवेचना के परिणामस्वरूप 10 जून 2026 को चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त नरोत्तम निवासी मीरगंज बरेली उत्तर प्रदेश को खाण्डूसैंण क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने जियो टावर से चोरी किए गए पार्ट्स को बेच देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त नरोत्तम (39 वर्ष) पुत्र दुखीराम निवासी मीरगंज जिला बरेली उत्तर प्रदेश। पुलिस टीम उपनिरीक्षक संदीप चौहान कांस्टेबल जसवंत सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp