Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को माणा बस पार्किंग में यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बस और टैक्सी चालकों को सड़क सुरक्षा यातायात नियमों के पालन तथा जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान जनपद चमोली की सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है ऐसे में चालकों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने निर्धारित गति सीमा का पालन करने ओवरलोडिंग से बचने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी चालक धैर्य संयम और सतर्कता के साथ वाहन चलाएं तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) सोलैटियम योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि हिट एंड रन जैसी दुर्घटनाओं में पीड़ितों और उनके परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली सहायता और अन्य प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई। यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समय पर दी गई मदद किसी की जान बचा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों को गुड सेमेरिटन प्रावधानों के बारे में भी जागरूक करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वालों को कानून द्वारा संरक्षण प्रदान किया गया है। कार्यक्रम में यातायात पुलिस ने चालकों से सुरक्षित यात्रा जिम्मेदार ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपर उपनिरीक्षक मुकेश सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp