Spread the love

प्रदीप कुमार
गैरसैंण-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने गुरुवार को गैरसैंण तहसील का औचक निरीक्षण कर तहसील स्तर पर संचालित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े लंबित प्रकरणों एवं जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत गैरसैंण में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था प्राधिकरण तथा तहसील प्रशासन के अधिकारियों को चयनित स्थल का पुनः परीक्षण कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि पार्किंग निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू कर पूर्ण कराया जा सके। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए गंभीरता से प्रयास करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गैरसैंण अबरार अहमद तहसीलदार गैरसैंण सहायक अभियंता जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अपर सहायक अभियंता उत्तर प्रदेश पेयजल निर्माण निगम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp