Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों के लिए 14 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा के सफल निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। परीक्षा 14 जून को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी जिनमें नई टिहरी चम्बा और नरेंद्रनगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी निगरानी जैमर बायोमैट्रिक सत्यापन तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं संरक्षण के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं एवं अन्य गोपनीय सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से आयोग तक पहुंचाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp