Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर व्यापार सभा का चुनाव शुक्रवार को ऐतिहासिक कल्याणेश्वर धर्मशाला में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। नगर के व्यापारियों ने बड़ी संख्या में मतदान कर नए नेतृत्व का चयन किया। चुनाव को लेकर पूरे दिन व्यापारिक समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला और व्यापारी बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागी बने। अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए हुए चुनाव में दोनों पदों पर दो-दो प्रत्याशी मैदान में थे जिसके चलते व्यापारियों की दिलचस्पी पूरे चुनाव के दौरान बनी रही। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और व्यापारियों ने एकता एवं सौहार्द का परिचय देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव के चलते नगर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और व्यापारी मतदान एवं चुनावी गतिविधियों में व्यस्त नजर आए। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर अनुज जोशी ने 633 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिनेश असवाल को 593 मत मिले। वहीं महासचिव पद पर छवि अग्रवाल ने 654 मत हासिल कर विजय प्राप्त की जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी बंटी जोशी को 571 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने अनुज जोशी और छवि अग्रवाल को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गुलाल लगाकर जीत का उत्सव मनाया तथा आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की। मुख्य बाजारों में “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ जुलूस निकाला गया। पूरे बाजार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और व्यापारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। व्यापारियों ने चुनाव के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे चुनाव के दौरान भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन किया गया। व्यापारिक समुदाय ने सभी मतदाताओं प्रत्याशियों एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह चुनाव श्रीनगर के व्यापारियों की एकजुटता का प्रतीक बनकर सामने आया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज जोशी और महासचिव छवि अग्रवाल ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापार सभा को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाएगा तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान बाजार के विकास और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। व्यापारियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में श्रीनगर व्यापार सभा व्यापारियों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाएगी तथा बाजार के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी पहल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp