Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। खेत बचाओ अभियान-2026 के अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार की न्याय पंचायत नंदगांव के ग्राम पंचायत भवन मठियाली में ग्राम प्रधान रोशन लाल की अध्यक्षता में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं प्राकृतिक खेती मृदा परीक्षण तथा कृषि से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-2 राजेश कुमार ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कृषि विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने कृषकों को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी के डॉ.आर.एस.वाली ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लाभ बताए तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की सलाह दी। वहीं डॉ.नवीन तड़ियाल ने किसानों को मृदा परीक्षण प्रयोगशाला में मिट्टी की जांच कराने के बाद ही खेती करने की सलाह देते हुए बताया कि इससे फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलती है। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक पिपलडाली के उप प्रबंधक अभिषेक ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड फसल बीमा योजना तथा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने किसानों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के अंकुर कुमार शिखा विश्वास शीतल राणा और मीनू ने भी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए किसानों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी के अंत में ग्राम प्रधान रोशन लाल ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही कृषक गोष्ठी का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp