Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नरेंद्रनगर में प्रदेश के स्वास्थ्य वन भाषा एवं निर्वाचन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं तथा इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवा भाव रहा है। सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्ष 2014 से देशवासियों ने लगातार मोदी सरकार पर भरोसा जताया है जिसके परिणामस्वरूप आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मंत्र को जनआंदोलन का रूप दिया है। बीते वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हुई हैं तथा सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने नए भारत की शक्ति का परिचय दिया है। जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं। 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड बनाए गए हैं जबकि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में भेजे गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से 7 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है। वहीं लखपति दीदी योजना सुकन्या समृद्धि योजना तथा महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के पर ड्रॉप मोर क्रॉप अभियान के अंतर्गत 109 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिदिन लगभग 34 किलोमीटर नए राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हो रहा है जो आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है तथा बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर जनजातीय नायकों को सम्मान दिया गया है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी नया संसद भवन राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और अन्य राष्ट्रीय प्रतीक नए भारत की सोच और संकल्प का प्रतिनिधित्व करते हैं। उत्तराखंड की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत राज्य में 61 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं तथा 17 लाख से अधिक मरीजों को 3400 करोड़ रुपये से अधिक के कैशलेस उपचार का लाभ मिला है। वहीं 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की ऑल वेदर सड़क परियोजना से चारधाम यात्रा और पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम हुआ है। सुबोध उनियाल ने कहा कि जनविश्वास सुशासन और सेवा भाव के आधार पर देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर नरेंद्रनगर नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पवार भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल पूर्व प्रमुख चंबा शिवानी बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp