Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली स्नातक स्तरीय विभिन्न पदों की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण निष्पक्ष पारदर्शी एवं पूर्ण सुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की सुचिता गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद टिहरी गढ़वाल में परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें नई टिहरी में 6, चंबा में 3, नरेंद्रनगर में 1 तथा मुनि की रेती में 1 परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। परीक्षा के सफल सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अनियमितता अथवा अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की सुचिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटल होम-स्टे लॉज कोचिंग संस्थानों साइबर कैफे सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास को समय रहते विफल किया जा सके। टिहरी पुलिस द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित शांतिपूर्ण और सकारात्मक परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। टिहरी पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा दिवस पर सप्ताहांत के दौरान संभावित यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर अपने घरों से प्रस्थान करें और निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि परीक्षा की सुचिता और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में कोई कमी न रहने पाए। टिहरी पुलिस ने पुनः स्पष्ट किया है कि परीक्षा की सुचिता निष्पक्षता पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp